यमुनानगर , सितंबर 02 -- हरियाणा में यमुनानगर के नगर निगम ने कन्हैया साहिब चौक से जगाधरी बस स्टैंड तक के जगाधरी रोड को नॉन वेंडिंग जोन घोषित कर दिया है। इस मार्ग पर सड़क किनारे लगने वाली 125 रेहड़ियों को मनोहर वेंडिंग जोन में शिफ्ट किया गया है।

नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद की अध्यक्षता में कुछ दिन पहले हुई टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया गया था। आयुक्त के निर्देश पर अतिरिक्त आयुक्त धीरज कुमार के नेतृत्व में ड्रॉ के माध्यम से सभी रेहड़ी संचालकों को वेंडिंग जोन में बूथ आवंटित किये गये हैं।

अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने बताया कि अब से जगाधरी मार्ग पर कोई रेहड़ी नहीं लगने दी जाएगी। यदि कोई विक्रेता इस मार्ग पर सब्जी या फास्ट फूड की रेहड़ी लगाता मिला, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मनोहर वेंडिंग जोन में बिजली, पानी और सफाई सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध करायी गयी हैं।

उन्होंने बताया कि जल्द ही अन्य मार्गों पर लगने वाली रेहड़ियों को भी निर्धारित वेंडिंग जोन में शिफ्ट किया जाएगा। इससे रेहड़ी संचालकों को व्यवस्थित स्थान मिलेगा और जगाधरी मार्ग पर जाम से राहत मिलेगी तथा यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।

नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कहा कि शहर के प्रमुख चौकों और सड़कों पर रेहड़ियां लगने से यातायात बाधित होता है। यातायात को सुचारू बनाने और रेहड़ी संचालकों को व्यवस्थित स्थान देने के लिए चौकों को नॉन वेंडिंग जोन बनाया जा रहा है। निगम का उद्देश्य रेहड़ी संचालकों को हटाना नहीं, बल्कि उन्हें व्यवस्थित स्थान देकर शहर की व्यवस्था को बेहतर बनाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित