यमुनानगर , मई 29 -- हरियाणा में जगाधरी-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर लालढांग के पास मक्के से भरा एक ट्रक दो बाइकों पर पलट गया। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गयी, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी। मृतकों में एक व्यक्ति और उनकी दो पुत्रियां शामिल हैं। परिवार हिमाचल प्रदेश में रेणुका जी मंदिर के दर्शन के लिए जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, कलेसर नेशनल पार्क के जंगल क्षेत्र में पहाड़ी ढलान से उतरते समय ट्रक अचानक असंतुलित हो गया। उसी दौरान दो बाइकों पर सवार परिवार पहाड़ी की चढ़ाई की ओर बढ़ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में आ गया और दोनों बाइकों पर पलट गया।

बताया जा रहा है कि चुहड़पुर कलां निवासी राजेंद्र धीमान लकड़ी और रिपेयरिंग का काम करते थे। परिवार ने रेणुका जी मंदिर जाने की योजना बनायी थी। राजेंद्र की बहन का देवर फूल सिंह भी गांव दौलतपुर से उनके साथ गया था। राजेंद्र की दोनों पुत्री फूल सिंह की बाइक पर बैठी थीं, जबकि पत्नी ऊषा दूसरी बाइक पर राजेंद्र के साथ थीं। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे परिवार दो बाइकों पर सवार होकर घर से निकला था।

परिवार हंसी-खुशी सफर कर रहा था और कलेसर जंगल का अधिकांश हिस्सा पार कर लालढांग के पास पहुंच चुका था। यहां से हिमाचल प्रदेश की सीमा शुरू होती है। इसी दौरान ढलान और तीखे मोड़ पर सामने से आ रहा मक्के के बोरों से लदा ट्रक अचानक बेकाबू हो गया और हिचकोले खाते हुए रॉन्ग साइड में चला गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवारों ने ट्रक से बचने की कोशिश की, लेकिन सड़क किनारे लगी रेलिंग और पहाड़ी के कारण वे फंस गये। कुछ ही क्षणों में ट्रक दोनों बाइकों पर पलट गया। हादसे में ऊषा बाइक से दूर जा गिरीं, जिससे उनकी जान बच गयी, लेकिन बाकी चार लोगों को बचने का मौका नहीं मिला।

मृतकों की पहचान चुहड़पुर कलां निवासी राजेंद्र धीमान (45), उनकी पुत्री सिमरन उर्फ सिम्मी (14) और मिनल उर्फ मिनी (12) तथा गांव दौलतपुर निवासी फूल सिंह के रूप में हुई है। राजेंद्र की पत्नी ऊषा (40) गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित