यमुनानगर , नवम्बर 07 -- हरियाणा के जगाधरी जिला बार एसोसिएशन ने शनिवार को दीपावली के पावन अवसर पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया। समारोह में जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. दयानन्द भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल तथा अन्य न्यायिक अधिकारीगण एवं विशिष्ट अतिथिगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया। समारोह स्थल पर आगमन पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश चौहान एवं उनकी कार्यकारिणी टीम द्वारा सभी विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने सभी अतिथियों एवं अधिवक्ताओं को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। वहीं जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. दयानन्द भारद्वाज ने भी बार के सभी अधिवक्ताओं को दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं एवं मंगलकामनाएं प्रेषित करते हुए कामना की कि दीपावली का यह पावन त्योहार सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशियां लेकर आए। उपस्थित अन्य माननीय न्यायिक अधिकारीगण एवं अतिथियों ने भी बार के सभी सदस्यों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन के दो प्रतिभाशाली सदस्य अधिवक्ता सुश्री नीतू एवं विपुल, जिनका चयन हरियाणा सरकार में सहायक जिला न्यायवादी के पद पर हुआ है, को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए जिला बार एसोसिएशन की ओर से स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने दोनों को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित