चंडीगढ़ , अगस्त 01 -- पंजाब में शिरोमणि अकाली दल ने अपने व्यापार एवं उद्योग विंग के संगठनात्मक विस्तार के तहत मोगा जिले के लिए नए जिला अध्यक्ष की नियुक्ति की है।

पार्टी के व्यापार एवं उद्योग विंग के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक एन.के. शर्मा ने शनिवार को घोषणा करते हुए बताया कि पार्टी के वरिष्ठ व्यापारी नेता जगदीश लाल छाबड़ा को शिरोमणि अकाली दल व्यापार विंग का मोगा जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

श्री शर्मा ने कहा कि श्री छाबड़ा लंबे समय से शिरोमणि अकाली दल से जुड़े हुए हैं और व्यापारिक वर्ग के बीच उनकी अच्छी पकड़ है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी नियुक्ति से पार्टी के व्यापार एवं उद्योग विंग को मोगा जिले में और मजबूती मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि श्री छाबड़ा इससे पहले इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट, मोगा के चेयरमैन के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। पार्टी नेतृत्व ने उम्मीद जताई कि वह संगठन को मजबूत करने और व्यापारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित