जगदलपुर , मई 21 -- छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से हजरत निजामुद्दीन के लिए संचालित विशेष ट्रेन संख्या 08519 गुरुवार को निर्धारित समय पर 1440 यात्रियों को लेकर रवाना हुई। रेलवे प्रशासन एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की ओर से स्टेशन परिसर में सुरक्षा और यात्री सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार विशेष ट्रेन दोपहर 11 बजकर 14 मिनट पर जगदलपुर रेलवे स्टेशन से सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पुलिस निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि ट्रेन में कुल 1440 यात्रियों ने सफर किया।
उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया था। निरीक्षक कुमार के नेतृत्व में प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की आवाजाही, बोर्डिंग व्यवस्था तथा ट्रेन संचालन की लगातार निगरानी की गई।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की थीं। ट्रेन संचालन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित