जगदलपुर , सितम्बर 10 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में गुरुवार को स्वर्गीय बलिराम कश्यप स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध शहीद महेन्द्र कर्मा स्मृति चिकित्सालय में नवनिर्मित आधुनिक ट्रॉमा सेंटर का लोकार्पण किया गया। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने ट्रॉमा सेंटर का लोकार्पण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वन मंत्री केदार कश्यप ने की।

इस अवसर पर जायसवाल ने कहा कि बस्तर में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए तकनीकी मानव संसाधन और बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में इसी सत्र से 90 सीटों के साथ पैरामेडिकल पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 630 सीटों के साथ 26 से 27 नए पैरामेडिकल पाठ्यक्रम संचालित करने की तैयारी है। जगदलपुर में 100 बिस्तरों वाले मानसिक चिकित्सालय को अगले दो से तीन महीनों में पूरी तरह क्रियाशील करने का लक्ष्य है।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत स्वास्थ्य दलों ने घर-घर जाकर करीब 35 लाख लोगों की जांच की। इनमें 11 हजार गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर भेजा गया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के कारण दरभा क्षेत्र को केंद्र सरकार का एनक्वास प्रमाण पत्र भी मिला है।

जायसवाल ने कहा कि जगदलपुर के महारानी अस्पताल और सुकमा में अटल आरोग्य लैब के माध्यम से थायराइड, एचबीए1सी, किडनी, लिवर और हृदय संबंधी सहित 136 प्रकार की जांचें नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। राज्य सरकार ने प्रदेश में प्रतिवर्ष तीन हजार डॉक्टर तैयार करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए नए मेडिकल कॉलेजों के साथ 14 नर्सिंग और सात फिजियोथेरेपी कॉलेज स्वीकृत किए गए हैं।

उन्होंने अस्पताल में किचन शेड, शौचालय तथा अंदरूनी क्षेत्रों में पदस्थ होने वाले चिकित्सकों के लिए आवासीय क्वार्टर के निर्माण को भी मंजूरी देने की घोषणा की।

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि वर्ष 2002-03 में पूरे संभाग में महारानी अस्पताल स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र था, जबकि अब जगदलपुर के साथ कांकेर और दंतेवाड़ा में भी मेडिकल कॉलेज स्थापित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि पहले नक्सली घटनाओं में घायल जवानों और नागरिकों के उपचार के लिए रात में हेलीकॉप्टर की नाइट लैंडिंग जैसी व्यवस्थाएं करनी पड़ती थीं, लेकिन अब बस्तर में विशेषज्ञ स्तर की ट्रॉमा केयर सुविधा उपलब्ध हो रही है।

चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने अस्पताल परिसर में मरीजों और लोगों की लगातार आवाजाही को देखते हुए पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि संबंधित थाना अस्पताल से करीब पांच से छह किलोमीटर दूर है, जिससे आकस्मिक परिस्थितियों में पुलिस सहायता पहुंचने में समय लग सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित