जगदलपुर , मई 13 -- छत्तीसगढ़ के जगदलपुर विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी में बुधवार को सुशासन तिहार के तहत आयोजित सुशासन शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ वितरित किया गया।

बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर आम नागरिकों से प्राप्त आवेदनों और उनके निराकरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही भू-स्वामियों को डिजिटल किसान किताब, खसरा एवं बी-वन की प्रतियां उपलब्ध कराने तथा वनाधिकार मान्यता पत्रों के फौती-नामांतरण की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश भी दिए।

कमिश्नर ने प्रत्येक शिविर में स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था सुनिश्चित करने, मोतियाबिंद पीड़ितों की पहचान कर आवश्यकतानुसार जिला अस्पताल अथवा मेडिकल कॉलेज में उपचार उपलब्ध कराने तथा दिव्यांगजनों को जरूरत के अनुरूप कृत्रिम अंग और उपकरण प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने आधार पंजीयन शिविरों के माध्यम से मोबाइल नंबर सीडिंग और छूटे हुए ग्रामीणों के आधार पंजीयन पर भी जोर दिया।

शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के अंतर्गत सात महिलाओं को लाभान्वित किया गया। इसके अलावा पांच बच्चों का अन्नप्राशन तथा छह गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म भी संपन्न कराई गई। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत ग्राम पंडरीपानी के धरमू और सुनकी को नए आवास की चाबियां सौंपी गईं।

सहकारिता विभाग द्वारा सात किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड प्रदान किए गए, जबकि कृषि एवं उद्यानिकी विभाग ने किसानों को रागी बीज, आम तथा ऑयल पॉम के पौधे वितरित किए। मत्स्यपालन विभाग ने दो हितग्राहियों को मछली पकड़ने के जाल उपलब्ध कराए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड और सिकलिन कार्ड वितरित किए गए। खाद्य विभाग ने 14 परिवारों को नए राशन कार्ड तथा राजस्व विभाग ने जाति प्रमाण पत्र प्रदान किए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित