जगदलपुर , सितंबर 10 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरुवार को यहां जनजातीय गौरव वाटिका कुम्हड़ाकोट में 'एक पेड़ मां के नाम 3.0' हरित राष्ट्रीय राजमार्ग पौधारोपण कार्यक्रम के तहत पौधारोपण किया।
इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी पौधे लगाए। श्री साव ने कहा कि मां के सम्मान में लगाया गया प्रत्येक पौधा प्रकृति संरक्षण के संकल्प का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ढाई हजार से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। नगर निगम और वन विभाग के संयुक्त प्रयास से चलाए जा रहे अभियान के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग के डिवाइडर और किनारों पर पौधारोपण किया जाएगा। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ शहर की हरियाली और सुंदरता बढ़ेगी।
श्री साव ने कहा कि बस्तर में शांति और विकास का वातावरण बनने से देश-दुनिया से पर्यटकों का आगमन बढ़ रहा है ऐसे में जगदलपुर को सुंदर और सुविधायुक्त बनाने के लिए हरित वातावरण जरूरी है। उन्होंने इस पहल के लिए वन विभाग और नगर निगम जगदलपुर की सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित