जगदलपुर , अक्टूबर 31 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के जगदलपुर स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 02 में शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर एनसीसी कैडेटों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली तथा जागरूकता रैली निकालकर राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश दिया।
विद्यालय में 1 सीजी गर्ल्स बटालियन एनसीसी परचनपाल के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम कमान अधिकारी कर्नल सुशील कुमार राणा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन एनसीसी अधिकारी कैप्टन हेमपुष्पा लता ध्रुव ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय एकता की शपथ के साथ हुई। इसमें एनसीसी कैडेटों के साथ विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान आयोजित बौद्धिक सत्र में वरिष्ठ व्याख्याता शिव प्रताप चौहान ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका और स्वतंत्रता के बाद 500 से अधिक रियासतों के एकीकरण में उनके योगदान की जानकारी दी।
विद्यालय के प्राचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने देश की अखंडता बनाए रखने के लिए सामाजिक सद्भाव, आपसी सहयोग और एकजुटता को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर एनसीसी कैडेटों ने जागरूकता रैली निकाली। रैली में शामिल कैडेटों ने हाथों में तख्तियां लेकर 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' और 'एकता की पहचान, सरदार वल्लभभाई का योगदान' जैसे नारे लगाए। रैली के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर 1 सीजी गर्ल्स बटालियन के सूबेदार अजय राणा, नायब सूबेदार विनोद कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी और बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित