जगदलपुर , अगस्त 11 -- छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में मंगलवार को 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, स्कूली विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

तिरंगा यात्रा मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर से शुरू होकर एसबीआई चौक, चांदनी चौक, हनुमान चौक और संजय मार्केट होते हुए वापस दंतेश्वरी मंदिर के समीप पहुंचकर संपन्न हुई। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया।

यात्रा में महापौर संजय पांडेय, नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, बस्तर राज परिवार के सदस्य कमलचन्द्र भंजदेव, एमआईसी सदस्य, अन्य जनप्रतिनिधि, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए।

यात्रा के दौरान 'वंदे मातरम' के जयघोष से वातावरण देशभक्तिमय बना रहा। समापन अवसर पर राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान का गायन किया गया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता से आयोजन को विशेष उत्साह और गरिमा मिली।

इस दौरान जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया गया।

'हर घर तिरंगा' अभियान का उद्देश्य लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करना और तिरंगे के प्रति व्यक्तिगत जुड़ाव तथा देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है। इस वर्ष अभियान 'वंदे मातरम' के 150 वर्ष पूरे होने की भावना को समर्पित है। प्रदेश में 7 से 15 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित