जगदलपुर , सितंबर 21 -- छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर में बस स्टैंड रोड स्थित शराब दुकान के समीप आपसी विवाद के दौरान धारदार हथियार से किए गए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार घटना रविवार शाम बोधघाट थाना क्षेत्र में बस स्टैंड रोड स्थित शराब दुकान के बाजू में बिल्डिंग शॉप के पास हुई। यहां दो व्यक्तियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर एक व्यक्ति ने दूसरे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान कैलाश गुप्ता के रूप में बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर बोधघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस विवाद के कारणों के साथ घटना में शामिल लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित