जगदलपुर , सितंबर 23 -- छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय की छात्राओं ने मेस में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए दाल और सब्जी में कीड़े मिलने तथा चावल कच्चा परोसे जाने का आरोप लगाया है। छात्राओं ने मेस बदलने और स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की मांग की है।

महारानी अस्पताल परिसर में संचालित इस महाविद्यालय में 260 से अधिक छात्राएं नर्सिंग की पढ़ाई कर रही हैं। छात्राओं का आरोप है कि मेस के भोजन को लेकर वे कई बार संचालक और कॉलेज प्रबंधन से शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन अब तक व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।

मेस प्रभारी एवं थर्ड सेमेस्टर की छात्रा टीना मंडावी ने आरोप लगाया कि भोजन में कभी दाल तो कभी सब्जी में कीड़े मिल रहे हैं। उन्होंने अन्य मेस प्रभारियों के साथ इस संबंध में प्राचार्य से कई बार शिकायत की। छात्राओं को नया मेस तलाशने के लिए कहा गया था और नया विकल्प सामने रखने पर भोजन की जांच कराने की बात कही गई।

टीना के मुताबिक, पहले भी भोजन की जांच कराई जा चुकी है। इसके बावजूद समस्या बनी हुई है। उन्होंने खाद्य सामग्री के रखरखाव पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि फ्रिज में पुरानी सब्जियां रखी जाती हैं। छात्राओं का कहना है कि वर्ष 2021 में मेस के लिए 2100 रुपये लिए जाते थे, उस समय भी ऐसी शिकायतें सामने आती थीं और अब शुल्क 2300 रुपये होने के बावजूद भोजन की गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।

छात्राओं ने मांग की है कि मौजूदा मेस को बदलकर ऐसी व्यवस्था की जाए, जिससे उन्हें नियमित रूप से साफ-सुथरा और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सके।

इस संबंध में शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय की प्राचार्य तृप्ति सोनी ने बताया कि भोजन में कीड़े मिलने की शिकायत तीन-चार दिन पहले मेस प्रभारियों के माध्यम से मिली है। छात्राओं की ओर से मेस बदलने की मांग की गई है, जिसके लिए नियमानुसार प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इसके लिए दो-तीन दिन का समय मांगा गया है। तब तक मौजूदा मेस में भोजन की गुणवत्ता पर नजर रखने और खाना तैयार किए जाने के दौरान उसकी जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्राचार्य ने कहा कि उन्हें छात्राओं द्वारा मेस का भोजन बंद किए जाने की जानकारी नहीं थी। मेस रजिस्टर में छात्राओं के भोजन करने की उपस्थिति दर्ज है और कॉलेज प्रबंधन की ओर से मेस का निरीक्षण भी किया जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित