जगदलपुर , जुलाई 22 -- छत्तीसगढ़ के जगदलपुर केंद्रीय जेल से फरार सजायाफ्ता बंदी महेन्द्र दीवान (25) को बस्तर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी 25 मार्च 2026 को जेल से फरार हो गया था और पांच वर्ष तीन माह के कारावास की सजा काट रहा था।

पुलिस से बुधवार को बताया कि महेन्द्र दंतेवाड़ा जिले के चोरी के एक मामले में न्यायालय से दोषसिद्ध होकर सजा भुगत रहा था। उसके खिलाफ कांकेर, दंतेवाड़ा और परपा थाना क्षेत्र में चोरी के तीन अन्य मामले भी लंबित हैं। आरोपी पूर्व में जिला जेल दंतेवाड़ा तथा इलाज के दौरान शहीद महेंद्र कर्मा अस्पताल, डिमरापाल से भी फरार हो चुका था।

पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे तथा डीएसपी (साइबर) अमित देवांगन के मार्गदर्शन में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक भोलासिंह राजपूत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के दौरान सूचना मिली कि आरोपी नारायणपुर जिले में छिपा हुआ है।

पुलिस टीम ने करीब एक सप्ताह तक रेकी करने के बाद नारायणपुर में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे पुनः केंद्रीय जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि कार्रवाई में साइबर सेल के प्रधान आरक्षक मौसम गुप्ता तथा आरक्षक माहंगु राम और कृष्ण कुमार नेताम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित