जगदलपुर , अक्टूबर 18 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जगदलपुर स्थित महारानी जिला चिकित्सालय में 10 बिस्तरों वाले 'सियान संजीवनी पुनर्वास केंद्र' का शुभारंभ किया गया है।
इस केंद्र में 60 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को विभिन्न स्वास्थ्य जांच और परामर्श सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जगदलपुर विधायक किरण देव और महापौर संजय पांडे की उपस्थिति में केंद्र का संचालन प्रारंभ किया गया। 'स्वस्थ बुजुर्ग, समृद्ध समाज' की अवधारणा पर आधारित इस केंद्र का उद्देश्य वृद्धजनों को एक ही स्थान पर आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं और पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराना है।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार केंद्र में वरिष्ठ नागरिकों के लिए रक्तचाप, मधुमेह, नेत्र रोग तथा हड्डियों और जोड़ों से संबंधित जांच की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त पोषण संबंधी परामर्श, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श और टीकाकरण की सुविधाएं भी निःशुल्क प्रदान की जाएंगी।
इस अवसर पर बाल मधुमेह योजना के अंतर्गत टाइप-1 मधुमेह से पीड़ित बच्चों को विधायक किरण देव ने निःशुल्क रक्त शर्करा जांच किट वितरित की। इन किटों की सहायता से बच्चे घर पर ही नियमित रूप से रक्त शर्करा के स्तर की निगरानी कर सकेंगे।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद, नोडल अधिकारी डॉ. भंवर शर्मा, डॉ. अग्रवाल, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. पी. एम. कोठारी, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. कोटवानी, अस्पताल सलाहकार डॉ. नीरज ओझा और डॉ. आर. बी. गुप्ता सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित