जगदलपुर , जुलाई 24 -- छत्तीसगढ़ के जगदलपुर केंद्रीय जेल में न्यायालय की विशेष अनुमति से एक सजायाफ्ता बंदी का विवाह उसकी प्रेमिका के साथ जेल परिसर में संपन्न कराया गया। जेल प्रशासन की अभिरक्षा में संपन्न यह विवाह क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सजायाफ्ता बंदी बुधराम सेठिया पिछले लगभग छह माह से जगदलपुर केंद्रीय जेल में निरुद्ध है। कारावास के कारण उसका अपनी प्रेमिका मनवती कश्यप के साथ प्रस्तावित विवाह नहीं हो सका था। बाद में दोनों ने न्यायालय के समक्ष विवाह की अनुमति देने का अनुरोध किया।
न्यायालय द्वारा विशेष अनुमति दिए जाने के बाद शुक्रवार को केंद्रीय जेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों का विवाह विधि-विधान से संपन्न कराया गया। विवाह की सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं।
बताया गया कि सामाजिक और पारिवारिक असहमति के कारण वर पक्ष के परिजन विवाह में शामिल नहीं हुए। ऐसे में अधिवक्ताओं, जेल प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मियों ने विवाह प्रक्रिया में सहयोग किया और आवश्यक गवाह की भूमिका निभाई। वहीं वधू पक्ष के परिजन भी समारोह में मौजूद रहे।
जेल प्रशासन ने बताया कि विवाह न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित