रुद्रप्रयाग , मार्च 25 -- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के जाखोली क्षेत्र से बुधवार को एक गर्भवती महिला को हेलीकॉप्टर के माध्यम से जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग रेफर किया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में राज्य सरकार ने दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों के लिए हेलीकॉप्टर आधारित स्वास्थ्य परिवहन सेवा की यह सफल शुरुआत है।
समय रहते महिला को विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार मिला, जिससे उसकी स्थिति को सुरक्षित किया जा सका। यह घटना दर्शाती है कि यदि संसाधनों का सही उपयोग हो तो दुर्गम क्षेत्रों में भी आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावी रूप से पहुंचाई जा सकती हैं।
उत्तराखंड के स्वास्थ्य सचिव सचिन कुर्वे ने आज बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के दिशा-निर्देशों में राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ और समावेशी बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करना इसी सोच का परिणाम है, ताकि किसी भी महिला को समय पर उपचार से वंचित न रहना पड़े।
उन्होंने कहा कि यह पहल विशेष रूप से उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं के लिए जीवन रक्षक साबित हो सकती है, क्योंकि ऐसे मामलों में समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा तक पहुंचना अत्यंत आवश्यक होता है।
सरकार का प्रयास है कि राज्य के हर नागरिक को, चाहे वह किसी भी भौगोलिक क्षेत्र में रहता हो, समान रूप से गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
श्री कुर्वे ने यह भी कहा कि आने वाले समय में इस सेवा का विस्तार किया जाएगा और इसे और अधिक प्रभावी बनाने के लिए तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर सुधार किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित