नयी दिल्ली , जुलाई 21 -- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में जंतर-मंतर पर जारी कॉकरोच जनता पार्टी (सीजीपी) के आंदोलन को मंगलवार को आम आदमी पार्टी (आप), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी -एसपी और शिवसेना (यूबीटी) के नेताओं का समर्थन मिला।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जंतर-मंतर पहुंचकर उन घायल छात्र-युवा प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की, जो पुलिस कार्रवाई में चोटिल होने के बावजूद आंदोलन जारी रखने के लिए वापस धरनास्थल पर पहुंचे थे। श्री केजरीवाल ने कहा कि इन युवाओं का संकल्प इस सरकार के खिलाफ उनके संघर्ष को दर्शाता है और कठिन समय में युवाओं के साथ खड़ा होना आवश्यक है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ सांसद शरद पवार ने भी जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों का हालचाल जाना। उन्होंने रविवार को दिल्ली पुलिस द्वारा की गयी कथित बल प्रयोग की घटना के बाद आंदोलनकारी छात्रों से मुलाकात कर उनका समर्थन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित