श्रीनगर , जुलाई 10 -- जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस को नयी दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को होने वाले प्रस्तावित प्रदर्शन के लिए प्रशासन से अनुमति मिलने का अब भी इंतजार है।
श्री अब्दुल्ला ने पत्रकारों से कहा कि उनकी पार्टी ने जम्मू-कश्मीर को दोबारा राज्य का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर देश की राजधानी में प्रदर्शन करने का एलान कर रखा है। इसमें शामिल होने के लिए उसने देश भर के 52 राजनीतिक दलों को न्यौता दिया है।आवेदन करने के बावजूद पार्टी को प्रदर्शन की अब तक मंज़ूरी नहीं मिली है। उन्होंने 'कुछ लोगों पर पार्टी के कार्यक्रम को नाकाम करने की साजिश रचने' का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, "हम अब भी अनुमति के इंतजार में ही हैं। कॉकरोच (जनता) पार्टी को मंजूरी मिलने में 24 घंटे भी नहीं लगे और हम पिछले पांच दिनों से राह देख रहे हैं। पार्टी के तय कार्यक्रम को नाकाम करने की कोशिशें की जा रही हैं। कुछ लोगों ने हमारे कार्यक्रम में अड़ंगा डालना शुरू कर दिया है। उन्होंने अपनी तारीखें बदल दी हैं और हमारे प्रदर्शन वाले दिन ही अपना कार्यक्रम रखने का प्रस्ताव दिया है।"नेशनल कांफ्रकेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने गुरुवार को 'इंडिया' गठबंधन के नेताओं, भाजपा विरोधी राष्ट्रीय दलों और मीरवाइज उमर फारूक सहित जम्मू-कश्मीर के नेताओं को तीन पन्नों की चिट्ठी लिखी थी, जिसमें उन्होंने राज्य के दर्जे और संवैधानिक अधिकारों को लेकर पार्टी के प्रदर्शन का समर्थन करने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित