नयी दिल्ली , अक्टूबर 08 -- कांग्रेस ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए 10 दिन पहले आवेदन करने की शर्त पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि किसी घटना के तत्काल विरोध के लिए लोगों को इतने दिन इंतजार करने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता है।

कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बुधवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह खबर चौंकाती है कि जंतर-मंतर पर किसी भी प्रदर्शन के लिए कम से कम 10 दिन पहले आवेदन करना होगा। उन्होंने दिल्ली पुलिस के इस फरमान पर आपत्ति व्यक्त करते हुए कहा कि यदि आज किसी के साथ अत्याचार हो जाए, किसी की बेरहमी से हत्या हो जाए या लोकतंत्र पर हमला कर दिया जाए तो क्या लोगों को उसके विरोध के लिए 10 दिन इंतजार करना होगा।

उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि उच्चतम न्यायालय या किसी सरकार ने ऐसा कोई कानून बनाया है या बना सकती है कि एक आजाद देश में लोग अपने मौलिक अधिकारों का इस्तेमाल करने के लिए इतने दिन इंतजार करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित