नयी दिल्ली , जुलाई 22 -- राजधानी दिल्ली में बुधवार को छात्रों के मुख्य प्रदर्शन स्थल जंतर-मंतर पर हुयी पत्थरबाजी की एक घटना में पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी घायल हो गए।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस आयुक्त (पंजाबी बाग) जय प्रकाश जंतर-मंतर पर कानून-व्यवस्था की ड्यूटी के दौरान सिर में चोट लगने से घायल हो गए। पुलिस ने एक बयान में कहा, "शाम लगभग 4:30 बजे, एसीपी (पंजाबी बाग) जय प्रकाश जंतर-मंतर पर अपनी ड्यूटी पर थे, तभी प्रदर्शनकारियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान एक पत्थर उनके माथे पर लगा।"बयान में आगे कहा गया कि घायल अधिकारी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
इससे पहले दिन में, दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर तैनात अपने सभी कर्मियों को उचित पुलिस वर्दी में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया था। इन निर्देशों के तहत प्रदर्शन स्थल पर तैनात सभी अधिकारियों और जवानों के लिए ड्यूटी के दौरान वर्दी पहनना अनिवार्य किया गया था।
कथित पत्थरबाजी की इस घटना से कुछ घंटे पहले, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी)ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन स्थल से सुरक्षा व्यवस्था वापस लेने के दावा किया था और किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी पुलिस पर होने की चेतावनी भी दी थी। सीजेपी ने दिल्ली पुलिस पर जंतर-मंतर पर सुरक्षा जिम्मेदारियों से पीछे हटने का आरोप भी लगाया। पार्टी ने दोपहर लगभग पौन तीन बजे एक सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा जांच की कमान छात्र स्वयंसेवकों ने संभाल ली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित