देहरादून , जुलाई 24 -- राष्ट्रीय राजधानी के जंतर मंतर पर चल रहे युवाओं के धरने के समर्थन में शुक्रवार को उत्तराखंड के देहरादून में कांग्रेस के युवा नेता रितेश छेत्री के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान, किशन नगर चौक पर केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया गया।
श्री छेत्री ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा लगातार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस पार्टी किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार नीट पेपर लीक सहित विभिन्न भर्ती एवं परीक्षा घोटालों के मुद्दे पर देशभर के युवाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उनकी आवाज़ बुलंद कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पर्वतीय राज्य में भी हाल ही में टेक्निकल यूनिवर्सिटी में पेपर लीक का मामला सामने आया है, जो राज्य की परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर कब तक बेरोजगार युवा अपने भविष्य के साथ हो रहे इस अन्याय को सहते रहेंगे? उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि यदि युवाओं के साथ इसी प्रकार अन्याय होता रहा तो कांग्रेस का आंदोलन और अधिक व्यापक एवं तेज़ होगा।
प्रदर्शन में महानगर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, महामंत्री नवीन जोशी, मोहन जोशी, पिया थापा, अनिल बस्नेत, दीप वोहरा, प्रमोद गुप्ता, कासिम चौधरी, अवधेश कटारिया, राजीव प्रजापति, संजय शर्मा, बबलू, महताब आलम, कामिनी, रीना, अनिल नेगी एवं अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित