दरभंगा , जुलाई 23 -- नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में गुरुवार को बिहार के दरभंगा में छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। लहेरियासराय के लोहिया चौक, टावर चौक और आसपास के क्षेत्रों में प्रदर्शनकारियों एवं पुलिस के बीच जमकर पथराव हुआ, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया और स्थिति नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब दो हजार छात्र सुबह लगभग 10 बजे कर्पूरी चौक पर एकत्र हुए। वहां से जुलूस निकालते हुए समाहरणालय रोड पहुंचे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। इसी दौरान भीड़ उग्र हो गई और कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया।

पथराव में नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार के पैर में चोट लगी। एक सिपाही के चेहरे पर भी गंभीर चोट आई, जबकि 12 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने पहले लाठीचार्ज किया। घटना के करीब दो घंटे बाद भी लहेरियासराय थाना क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) मनोज तिवारी, जिलाधिकारी कौशल कुमार तथा वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी मौके पर पहुंचे। उनके नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई, जिसके बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि पांच लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के आयोजक भी भीड़ को नियंत्रित रखने में विफल रहे। ऐसे आयोजकों की पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध भी विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रहीहै।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित