सुलतानपुर , जुलाई 21 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ल ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन में यदि आतंकवादियों, अराजकतावादी अथवा विभाजनकारी ताकतों का समर्थन शामिल है तो उसे लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि देश विरोधी गतिविधियों और नारों का समर्थन नहीं किया जाएगा।

सुलतानपुर में पत्रकारों से बातचीत में श्री शुक्ल ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं और छात्रों के भविष्य के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) से संबंधित शिकायतों पर सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पुनः परीक्षा कराई और पेपर लीक प्रकरण में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित बनाया गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में भी कई प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए, लेकिन उस समय दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। वर्तमान सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के सिद्धांत पर कार्य कर रही है।

उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने विकास, सुशासन और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव इन्हीं उपलब्धियों के आधार पर लड़ा जाएगा और भाजपा पुनः सरकार बनाएगी।

श्री शुक्ल ने भारत के निजी अंतरिक्ष क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि विक्रम-1 मिशन की सफलता देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि भारत का पहला निजी ऑर्बिटल रॉकेट अंतरिक्ष की कक्षा में सफलतापूर्वक पहुंचा है, जिससे वैश्विक अंतरिक्ष क्षेत्र में देश की नई पहचान बनी है। उन्होंने यह भी कहा कि 7.7 प्रतिशत की आर्थिक विकास दर के साथ भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि हाल के विभिन्न चुनावों में भाजपा को व्यापक जनसमर्थन मिला है, जबकि विपक्ष के पास न तो कोई ठोस मुद्दा बचा है और न ही कोई सकारात्मक एजेंडा है।

अयोध्या प्रकरण से जुड़े एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि मामले की जांच सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) कर रहा है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। ई-20 पेट्रोल के संबंध में उन्होंने कहा कि इसके उपयोग से अब तक किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव सामने नहीं आया है।

इससे पूर्व भाजपा जिला कार्यालय पहुंचने पर जिलाध्यक्ष सुशील कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने श्री शुक्ल का स्वागत किया। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला मीडिया प्रमुख विजय सिंह रघुवंशी, जिला महामंत्री संदीप सिंह, रामेंद्र प्रताप सिंह, राजेश दुबे, संदीप मिश्रा, एल.के. दूबे, संजय सोमवंशी सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित