बड़वानी , सितंबर 07 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी जिला मुख्यालय से करीब सात किलोमीटर दूर बावनगजा के समीप घने जंगल में सोमवार को एक युवक और युवती के शव एक ही पेड़ से लटके मिले। दोनों की पहचान धार जिले के 28 वर्षीय युवक और महाराष्ट्र की 30 वर्षीय महिला के रूप में हुई है।

बड़वानी कोतवाली थाना प्रभारी बीएस बिसेन ने बताया कि मृतकों की पहचान धार जिले के मनावर थाना क्षेत्र के करौली गांव निवासी अर्जुन डावर (28) और महाराष्ट्र के जालना जिले के आत्री गांव निवासी शारदा (30) के रूप में हुई है। दोनों के शव बावनगजा के जंगल में एक ही पेड़ से मिले।

उन्होंने बताया कि शवों की स्थिति के आधार पर प्रारंभिक तौर पर घटना करीब चार दिन पुरानी प्रतीत हो रही है। दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।

थाना प्रभारी के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में दोनों के विवाहित होने और उनके बच्चे होने की बात सामने आई है। अर्जुन के तीन और शारदा के दो बच्चे हैं। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच कथित रूप से संबंध थे और इसी सिलसिले में अर्जुन शारदा को महाराष्ट्र के जालना से अपने गांव करौली लेकर आया था।

पुलिस के अनुसार अर्जुन के परिजनों ने शारदा के उसके साथ रहने पर आपत्ति जताई थी। परिजनों ने दोनों के पहले से विवाहित होने का हवाला देते हुए अर्जुन से शारदा को वापस महाराष्ट्र स्थित उसके घर छोड़ने के लिए कहा था।

इसके बाद अर्जुन शारदा के साथ दोपहिया वाहन से घर से निकला था। हालांकि, दोनों महाराष्ट्र जाने के बजाय बड़वानी के बावनगजा क्षेत्र के जंगल की ओर चले गए। बाद में दोनों के शव जंगल में मिले।

पुलिस ने बताया कि अर्जुन का दोपहिया वाहन कुछ दिन पहले जंगल में मिला था। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई और सोमवार को दोनों के शव बरामद किए। घटना की सूचना मिलने पर अर्जुन के परिजन मौके पर पहुंच गए हैं। शारदा के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित