पैरिस , अगस्त 01 -- फ्रांस के गृह मंत्री लौरेंट नुनेज़ ने शनिवार को कहा कि जंगली आग में करीब 1,19,000 हेक्टेयर जंगल और वनस्पति जल जाने के बीच देश में हाई अलर्ट की स्थिति बरकरार है। उन्होंने इस स्थिति को 'असाधारण' करार दिया।

श्री नुनेज़ ने यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशासन ने जनवरी से जंगली आग लगने की 14,320 घटनाएं दर्ज की हैं। इनमें 25 बड़ी घटनाएं शामिल हैं, जिन्हें बुझाने के लिए अत्यधिक दमकल अभियान की जरूरत पड़ी थी। उन्होंने कहा कि साल की शुरुआत से अब तक फ्रांस में 1,19,000 हेक्टेयर जमीन जल चुकी है, जिससे इस साल की आग का 'असाधारण' स्तर समझा जा सकता है।

दमकल कर्मियों ने शनिवार को दक्षिण-पश्चिमी फ्रांस में एक भीषण जंगली आग को एक दायरे में सीमित कर लिया, जिससे लगभग 1,98,000 निवासी अपने घरों को लौट सके। माना जा रहा है कि यह देश में शांति के समय का सबसे बड़ा निकासी अभियान था, हालांकि फ्रांस और यूनान के अन्य हिस्सों में नयी आग लगने के कारण हजारों और लोगों को अपने घर छोड़कर भागना पड़ा।

फ्रांस के भूमध्यसागरीय वार इलाके में शुक्रवार को जंगली आग काबू में आने के बाद अचानक सिर्फ़ छह घंटों में 10 वर्ग किलोमीटर में फैल गयी। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, यह आग तेजी से आगे बढ़ रही थी।

बढ़ते संकट के बीच, ऑस्ट्रेलिया ने घोषणा की कि वह फ्रांसीसी अधिकारियों की मदद के लिए अग्निशमन कर्मी और विमान भेजेगा। ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग ने कहा कि देश विनाशकारी जंगल की आग से निपटने के प्रयासों में मदद के लिए अग्निशमन संसाधन और टीमें तैनात कर रहा है, जिनमें एक सीएच-47डी चिनूक हेलीकॉप्टर और एक बेल 412 टोही और सहायता विमान शामिल हैं।

कुछ क्षेत्रों में आर्द्रता में हल्की वृद्धि के बावजूद, नुनेज़ ने चेतावनी दी कि लगातार उच्च तापमान, सूखी मिट्टी और शुष्क वनस्पति के कारण जंगलों में आग लगने का खतरा अभी भी बना हुआ है।

भूमध्यसागरीय तट, रोन घाटी और पश्चिमी फ्रांस के बड़े हिस्सों में अब भी जंगल की आग का गंभीर खतरा बना हुआ है। वार विभाग और कोर्सिका के दक्षिणी सिरे पर जंगल की आग के खतरे को लेकर सर्वोच्च "अत्यंत गंभीर" चेतावनी जारी है।

इस बीच, श्री नुनेज़ ने बताया कि वार विभाग में लगी जंगल की आग शुक्रवार को फिर भड़क उठी, जिससे अतिरिक्त 1,500 हेक्टेयर भूमि जलकर नष्ट हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित