भोपाल , सितंबर 19 -- मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने छोला जोन वितरण केंद्र का निरीक्षण कर राजस्व एवं विद्युत व्यवस्था की समीक्षा की।

श्री गर्ग ने शुक्रवार को कार्यालय परिसर में मीटर, कैश, डाटा एवं उपभोक्ता शिकायत अनुभाग सहित विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने छोला जोन अंतर्गत बकाया राशि वाले उपभोक्ताओं एवं विद्युत कनेक्शनों से संबंधित रजिस्टरों का अवलोकन किया तथा बिलिंग एफिशिएंसी, कलेक्शन एफिशिएंसी, एटी एंड सी लॉसेस एवं सीआरपीयू सहित विभिन्न राजस्व मानकों की बिंदुवार समीक्षा की।

उन्होंने डीटीआर सर्वे के बाद चिह्नित कमियों को दूर करने के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही एसपीईसी मॉडल के माध्यम से डीटीआर मेंटेनेंस, लोड बैलेंसिंग एवं हाई लॉस फीडर कैंची छोला और कांग्रेस नगर की समीक्षा कर विद्युत हानियों को कम करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित