बैतूल , अक्टूबर 29 -- अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बैतूल रेलवे स्टेशन पर लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेने बुधवार को रेलवे के प्रिंसिपल चीफ कमर्शियल मैनेजर प्रभात कुमार और डीसीएम अमन मित्तल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने करीब दो घंटे तक स्टेशन परिसर का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पैनल रूम, स्टेशन के बाहरी परिसर और निर्माण कार्यों का जायजा लिया। प्रभात कुमार ने कहा कि योजना का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। वेटिंग रूम सहित अन्य निर्माण कार्य स्वीकृत प्रस्तावों के अनुरूप किए जा रहे हैं। निर्माण में देरी और गुणवत्ता संबंधी मुद्दों पर नागपुर के मंडल रेल प्रबंधक से चर्चा करने की बात भी उन्होंने कही।
इस दौरान कोरोना काल में बंद किए गए छोटे स्टेशनों पर ट्रेनों का ठहराव दोबारा शुरू करने की मांग उठाई गई। यात्रियों और स्थानीय लोगों ने मराझिरी, धाराखोह, जौलखेड़ा, बरबटपुर, बरसाली और चिचढ़ा स्टेशनों पर ठहराव बहाल करने की मांग की। प्रभात कुमार ने कहा कि इस संबंध में मिली शिकायतों और मांगों को गंभीरता से लिया गया है तथा ठहराव बहाल करने के लिए रेलवे स्तर पर आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
स्टेशन परिसर में अवैध वेंडरों के संचालन के मुद्दे पर अधिकारियों ने बताया कि रेलवे लगातार कार्रवाई कर रहा है, लेकिन इस पर पूरी तरह अंकुश लगाना चुनौती बना हुआ है। आईआरसीटीसी के नियमों के तहत अवैध वेंडरों पर जुर्माना लगाने और कार्रवाई करने का प्रावधान है। रेलवे ने निर्धारित नियमों के अनुसार वेंडिंग गतिविधियां संचालित कराने की बात कही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित