बैतूल , सितंबर 15 -- रेलवे ने इटारसी से मदन महल (जबलपुर) के बीच दैनिक पैसेंजर ट्रेन शुरू करने को मंजूरी दी है। इससे इटारसी-जबलपुर रेलखंड के यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन बैतूल जिले के छोटे स्टेशनों के यात्रियों की परेशानी अब भी बनी हुई है। कोरोना काल में बंद हुई नागपुर-इटारसी पैसेंजर ट्रेन का संचालन करीब पांच साल बाद भी बहाल नहीं हुआ है।
नागपुर-इटारसी पैसेंजर बंद होने से बैतूल और इटारसी के बीच छोटे स्टेशनों के यात्रियों के पास सीमित विकल्प रह गए हैं। बैतूल, मरामझिरी, धाराखोह, घोड़ाडोंगरी, बरबतपुर, मगरडोह, ढोडरामोहार और पोलापत्थर समेत अन्य स्टेशनों के दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, छोटे व्यापारियों और इलाज के लिए इटारसी जाने वाले लोगों को मेमू ट्रेनों तथा बसों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
यात्रियों का कहना है कि एक्सप्रेस ट्रेनों का किराया अधिक होने के साथ ही कई ट्रेनों का छोटे स्टेशनों पर ठहराव भी नहीं है। ऐसे में पैसेंजर ट्रेन की सुविधा उनके लिए अधिक उपयोगी है। इटारसी-मदन महल पैसेंजर को मंजूरी मिलने से इटारसी-जबलपुर रेलखंड पर स्थानीय यात्रियों की आवाजाही आसान होगी। प्रस्तावित ट्रेन करीब 242 किलोमीटर की दूरी लगभग पांच घंटे पांच मिनट में तय करेगी। रास्ते में पिपरिया, गाडरवारा, करेली और नरसिंहपुर समेत कई स्टेशनों पर इसका ठहराव होगा।
बैतूल के यात्रियों ने रेलवे से मांग की है कि छोटे स्टेशनों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए नागपुर-इटारसी पैसेंजर का संचालन भी जल्द बहाल किया जाए। यात्रियों का कहना है कि इस ट्रेन के दोबारा शुरू होने से बैतूल से इटारसी और नागपुर के बीच कम किराए में नियमित और सुविधाजनक यात्रा की सुविधा मिल सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित