देहरादून , जून 15 -- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में रविवार देर रात एक युवक की घर में गोली मारकर हुई हत्या का पुलिस ने सोमवार को खुलासा करते हुए हत्या के आरोप में मृ़तक के सगे छोटा भाई को गिरफ्तार कर लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र डोभाल ने बताया कि कोतवाली पटेलनगर के भुड्डी गांव में सोहेल हारून पुत्र अब्दुल हारून को अज्ञात व्यक्ति द्वारा घर में घुसकर देर रात लगभग साढ़े ग्यारह बजे गोली मार दी गई। जिसे उसके परिजनों व आसपास के लोगो द्वारा नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि मृतक अपने माता पिता तथा अन्य भाइयों के साथ इस घर में रहता था। 20-25 दिन पूर्व मृतक के माता पिता हज पर गये थे तथा मृतक अपने छोटे भाई शाहिद के साथ घर पर अकेला था। जिसकी गलत आदतों व फिजूलखर्ची पर अक्सर मृतक बड़े भाई द्वारा उसे टोका जाता था।

उन्होंने संदेह के आधार पर पूछताछ में शाहिद द्वारा कबूल किए गए बयानों के आधार पर बताया कि कुछ दिन पूर्व पिता के खाते से चोरी छिपे दस लाख रुपये निकालने पर सोहेल ने अभियुक्त से मारपीट की थी। जिससे क्षुब्ध होकर आरोपी ने बड़े भाई को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और उसे अवैध तमंचे से गोली मार दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित