रामनगर , फरवरी 20 -- उत्तराखंड में रामनगर के छोई-नाथुपुर क्षेत्र में एक ट्रैक्टर और स्कूल बस को ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक के अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित सिंचाई नहर में गिर जाने से दो लोग घायल हो गए है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक युवक अपनी बहन को छोई क्षेत्र में स्थित एक रिसोर्ट में ड्यूटी पर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान संकरी सड़क पर सामने से आ रही स्कूल बस और पास में चल रहे ट्रैक्टर के बीच से निकलने की कोशिश में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नहर में नीचे जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को नहर से बाहर निकाला। इसी बीच क्षेत्र पंचायत सदस्य पर्वत लटवाल भी मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए अपने निजी वाहन से दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

चिकित्सकों के अनुसार हादसे में युवक के पैर में फ्रैक्चर आया है, जबकि युवती को भी शरीर में कई जगह चोटें आई हैं। फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित