सागर , अप्रैल 7 -- मध्यप्रदेश में सागर जिले के खुरई क्षेत्र में छेड़छाड़ से परेशान एक कक्षा नौवीं की छात्रा ने खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। गंभीर हालत में उसे बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां वह 35 से 40 प्रतिशत तक झुलसी बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार घटना 5 अप्रैल की शाम मालथौन थाना क्षेत्र की है। छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी मालथौन के शासकीय स्कूल में अध्ययनरत है और प्रतिदिन बस से स्कूल आती-जाती थी। इसी दौरान एक युवक पिछले तीन माह से उसे परेशान कर रहा था और बार-बार फोन कर संपर्क करने का प्रयास करता था।
परिजनों के मुताबिक समझाइश के बावजूद आरोपी नहीं माना, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। आरोप है कि शिकायत के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ घर के बाहर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए पिता के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
घटना से भयभीत छात्रा ने घर के अंदर जाकर खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। परिजनों ने तत्काल आग बुझाकर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मालथौन पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में सागर रेफर किया गया। पुलिस ने दो नामजद सहित चार नाबालिग आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश सिन्हा ने बताया कि प्रथम दृष्टया छात्रा द्वारा भयवश आत्मघाती कदम उठाया गया है। मामले में छेड़छाड़ और मारपीट दोनों पहलुओं की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित