बैतूल , सितंबर 14 -- मध्यप्रदेश के बैतूल शहर में युवती से कथित छेड़छाड़ के मामले में कोतवाली पुलिस ने 27 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली बैतूल में नौ सितंबर को फरियादिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जयप्रकाश वार्ड, डॉन बॉस्को, सदर निवासी हरिचन्द बेले (27) ने उसके साथ बुरी नीयत से छेड़छाड़ की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 765/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 115(2), 118(1) और 351(2) के तहत प्रकरण कायम किया था।
पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बैतूल बस स्टैंड के आसपास घूम रहा है। सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तलाश-पतारसी के बाद आरोपी को अभिरक्षा में लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे 13 सितंबर को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों के मामलों में आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उप निरीक्षक जगदीश प्रसाद ठाकुर, प्रधान आरक्षक योगेश परते तथा आरक्षक नीरज कलम, राहुल शर्मा, महेश नगदे और राहुल चौरे की विशेष भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित