रायपुर , सितंबर 14 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र में कल रात छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक युवक द्वारा युवती पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का मामला सामने आया है।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान वीरू धीवर के रूप में हुई है। आरोप है कि युवती ने छेड़छाड़ का विरोध किया था, जिससे नाराज होकर आरोपी ने कथित तौर पर उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घटना के बाद गंभीर रूप से झुलसी युवती को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर माना थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है। वारदात के पीछे की परिस्थितियों और आरोपी द्वारा घटना को अंजाम दिए जाने के कारणों की पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित