आगर-मालवा , अप्रैल 06 -- मध्यप्रदेश में आगर-मालवा जिले के सोयतकलां क्षेत्र में नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ के मामले में सोमवार को एक बार फिर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्राम देहरिया में दोपहर के समय उज्जैन-झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-552जी पर ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब डेढ़ घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौके पर डटे रहे तथा प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। उल्लेखनीय है कि गत बुधवार को एक नाबालिग बालिका अपनी सहेली के घर से लौट रही थी, तभी आरोपी अफरोज ने रास्ते में उसके साथ आपत्तिजनक हरकत की थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं तथा पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। घटना के बाद से ही ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ था।
घटना के दिन प्रशासन ने आरोपी के मकान के पास बने अस्थायी निर्माण को हटा दिया था, लेकिन ग्रामीण पक्के मकान को भी अवैध बताते हुए उसे तोड़ने की मांग पर अड़े रहे। सोमवार को कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। मौके पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी पहुंचे तथा ग्रामीणों से चर्चा की।
लंबी बातचीत के बाद प्रशासन ने विवादित मकान को तोड़ने के बजाय उसे सरकारी घोषित करते हुए ग्राम पंचायत को सुपुर्द करने का निर्णय लिया। पंचनामा तैयार कर भवन पंचायत को सौंप दिया गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और यातायात बहाल हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित