प्रयागराज , अक्टूबर 20 -- उत्तर प्रदेश में मिशन शक्ति 6.0 का मंगलवार को विजयदशमी के अवसर पर विधिवत समापन हुआ। जार्जटाउन थाने में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया ने मनचलों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि महिलाओं से छेड़खानी करने, फब्तियां कसने और गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की हरकत या कानून के उल्लंघन के कारण यदि महिला और उसके परिवार को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है, तो पुलिस ऐसे मामलों का संज्ञान लेकर कठोर कार्रवाई करेगी। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाकर कार्रवाई की गई है। इस दौरान कई लोगों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की गई।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति अपराध और उत्पीड़न के मामलों में पुलिस संवेदनशील है। ऐसी शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति उन्हें परेशान करता है या छेड़खानी करता है तो इसकी सूचना पुलिस को जरूर दें।

मोर्डिया ने बताया कि स्कूलों और कॉलेजों में महिलाओं के उत्पीड़न को रोकने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। छात्राएं और महिलाएं स्कूल के प्रधानाचार्य के माध्यम से भी अपनी शिकायत रख सकती हैं। इसके अलावा थानों में स्थापित महिला हेल्प डेस्क पर पहुंचकर अपनी पहचान गोपनीय रखते हुए मदद मांग सकती हैं।

मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने वाली महिलाओं को पुलिस आयुक्त ने सम्मानित किया। अभियान में सराहनीय योगदान देने वाली महिला पुलिसकर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित