गोपालगंज , सितंबर 18 -- बिहार के गोपालगंज जिले में माइक्रो फाइनेंस कर्मी से 26,250 रुपये की छिनतई के मामले में पुलिस ने सिवान से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने शुक्रवार को यहां बताया कि हथुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजकुमार शाह के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें दो मुख्य आरोपी और एक लाइनर शामिल है।उन्होंने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर छिनतई की रकम में से 22,800 रुपये बरामद किये गये हैं, जबकि 2,450 रुपये खर्च किये जा चुके हैं। पुलिस ने चार बाइक और चार मोबाइल फोन भी बरामद किये हैं। जब्त मोबाइल फोन की जांच में हथियारों की तस्वीरें भी मिली हैं, जिसकी जांच की जा रही है।
श्री तिवारी ने बताया कि 15 सितंबर को माइक्रो फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी वसूली के बाद रुपये लेकर लौट रहा था। इसी दौरान सिवान के नौतन थाना क्षेत्र में बड़ी देवरिया के पास दो बाइक सवार अपराधियों ने उसे जबरन रोककर 26,250 रुपये छीन लिये थे।
सूत्रों ने बताया कि घटना के बाद एसपी के निर्देश पर एसआईटी गठित की गयी थी। पुलिस जांच में दो अन्य आरोपियों की पहचान हुई है, जो फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास के साथ ही गिरोह में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। मामले में अनुसंधान जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित