छिंदवाड़ा , सितम्बर 23 -- मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में स्वाइन फ्लू का एक पॉजिटिव मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक संक्रमित मरीज हाल ही में बाहर से यात्रा करके छिंदवाड़ा लौटा था। जांच के बाद उसकी रिपोर्ट स्वाइन फ्लू पॉजिटिव आई। इसके बाद विभाग ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए मरीज के संपर्क में आए लोगों की पहचान शुरू कर दी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अर्चना कैथवास ने बताया कि मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद संबंधित क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजी गई। टीम ने मरीज के संपर्क में आए लोगों की कांटेक्ट ट्रेसिंग पूरी कर ली है। इसके साथ ही संबंधित क्षेत्र में स्वास्थ्य सर्वे भी कराया गया है। सर्वे के दौरान लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ली गई और संदिग्ध लक्षण वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार संक्रमित मरीज की पत्नी की भी जांच कराई गई थी। उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। इससे फिलहाल परिवार के स्तर पर संक्रमण फैलने की आशंका को लेकर राहत मिली है। विभाग की टीम मरीज के संपर्क में आए लोगों की निगरानी कर रही है, ताकि किसी व्यक्ति में लक्षण सामने आने पर समय रहते जांच और उपचार की व्यवस्था की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित