छिंदवाड़ा , अगस्त 15 -- मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय पर स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह स्थानीय पुलिस ग्राउंड में आयोजित किया गया। समारोह में प्रदेश सरकार के मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के साथ ही राष्ट्रगान हुआ और पूरा पुलिस ग्राउंड देशभक्ति के रंग में रंग गया।
ध्वजारोहण के बाद श्री सिंह ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। पुलिस और विभिन्न दलों की टुकड़ियों ने अनुशासन और कदमताल के साथ मार्चपास्ट किया। समारोह में मौजूद लोगों ने देशभक्ति के इस दृश्य का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने व्यायाम प्रदर्शन के माध्यम से अपनी प्रतिभा और अनुशासन का प्रदर्शन किया। इसके बाद महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल और निर्मला पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों ने समारोह में मौजूद लोगों में उत्साह भर दिया और माहौल भावुक एवं राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो गया।
समारोह के दौरान जिले में उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों, सामाजिक संस्थाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। मंत्री सिंह और छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू ने सम्मानित लोगों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। सम्मान मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी और गर्व का भाव नजर आया।
मुख्य समारोह में कलेक्टर हरेंद्र नारायण, पुलिस अधीक्षक अजय पांडे सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, स्कूली विद्यार्थी और बड़ी संख्या में शहरवासी समारोह में शामिल हुए। हजारों लोगों ने पुलिस ग्राउंड पहुंचकर स्वतंत्रता दिवस के मुख्य आयोजन में सहभागिता की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित