छिंदवाड़ा , अक्टूबर 26 -- दीपावली से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत विभागीय टीमों ने छिंदवाड़ा सहित परासिया, उमरेठ, जामई, हर्रई, चौरई और तामिया क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर मिठाइयों सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के 52 नमूने लिए हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी गोपेश मिश्रा की टीम ने छिंदवाड़ा शहर में रिलायंस रिटेल मार्ट, नागपुर रोड, डी-मार्ट, परासिया रोड और विशाल मेगा मार्ट का निरीक्षण कर प्रत्येक प्रतिष्ठान से पांच-पांच, कुल 15 नमूने लिए। परासिया में गोपेश मिश्रा और सहायक आपूर्ति अधिकारी गीतराज गेदाम की संयुक्त टीम ने गुप्ता होटल, पीयूष होटल, बालाजी राजस्थान स्वीट्स और होटल जैनसंस की जांच कर सात नमूने एकत्र किए। इस दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों के इस्तेमाल की स्थिति भी जांची गई।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार घाघरे की टीम ने चौरई, हर्रई और उमरेठ में सोनी नमकीन, मानव मंदिर, एलपी डील और पवार होटल का निरीक्षण कर नौ नमूने लिए। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी संध्या मार्को की टीम ने जामई और तामिया क्षेत्र में बीकानेर स्वीट्स, जय भोले होटल, वर्मा होटल और गुप्ता होटल की जांच कर 11 नमूने एकत्र किए।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार, त्योहार के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्री की मांग बढ़ने के कारण गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। प्रयोगशाला जांच में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी अनियमितता सामने आने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित