छिंदवाड़ा , सितंबर 19 -- मुख्यमंत्री स्कूल योजना के तहत छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिले के 368 मेधावी विद्यार्थियों को शनिवार को मोटराइज्ड ई-स्कूटी की चाबी सौंपी गई। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने विद्यार्थियों को ई-स्कूटी वितरित की। इनमें छिंदवाड़ा जिले के 304 और पांढुर्णा जिले के 64 विद्यार्थी शामिल हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों के 'विकसित भारत' विषय पर भाषण से हुई। विद्यार्थी मंच से देश के विकास और भविष्य को लेकर अपने विचार रख रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली चली गई। कुछ देर इंतजार के बाद प्रशासन ने जनरेटर शुरू कराया, लेकिन जनरेटर से केवल माइक ही चल सका। सभागार में लगी लाइट और पंखे चालू नहीं हो पाए।

बिजली नहीं होने के कारण कार्यक्रम स्थल पर गर्मी और उमस की स्थिति बन गई। विद्यार्थी और अतिथि करीब 20 मिनट तक इसी स्थिति में बैठे रहे। इस दौरान प्रभारी मंत्री राकेश सिंह भी कई बार पंखों की ओर देखते नजर आए। हालांकि कार्यक्रम को माइक के सहारे जारी रखा गया। बाद में बिजली आपूर्ति बहाल होने पर लाइट और पंखे चालू हुए और कार्यक्रम सामान्य तरीके से आगे बढ़ा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित