रायगढ़ , फरवरी 21 -- छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले के जंगलों से प्रकृति की एक अद्भुत और भावुक कर देने वाली तस्वीर सामने आई है, जिसने वन्यजीवों की संवेदनशील दुनिया को फिर से जीवंत कर दिया है।
धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल रेंज के कूड़ेकेला परिसर में हाथियों के एक दल को अपने नन्हे बच्चों को बीच में घेरे हुए चलते देखा गया। यह दृश्य ड्रोन कैमरे में कैद हुआ है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ड्रोन से ली गई इस तस्वीर में साफ दिखाई दे रहा है कि बड़े हाथी चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाकर चल रहे हैं, जबकि दो नन्हे बच्चे बीच में सुरक्षित कदम बढ़ा रहे हैं। पथरीली जमीन पर उनकी धीमी चाल और वयस्क हाथियों की सतर्क निगरानी यह दर्शाती है कि वन्यजीवों की दुनिया भी रिश्तों, जिम्मेदारियों और भावनाओं से भरी होती है।
स्थानीय लोगों ने इस दृश्य को ''प्रकृति का परिवार'' नाम दिया है।
यह दुर्लभ दृश्य हाथी मित्र दल की टीम ने अपने ड्रोन कैमरे से कैद किया। टीम द्वारा नियमित निगरानी के दौरान यह भावुक क्षण सामने आया। वर्तमान में यह हाथी दल छाल रेंज से आगे बढ़कर घरघोड़ा रेंज की ओर चला गया है, जहां वन विभाग और हाथी मित्र दल की टीम लगातार निगरानी बनाए हुए है।
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इन दिनों रायगढ़ जिले में कुल 95 हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं। इनमें से 26 हाथी धरमजयगढ़ वन मंडल में और 69 हाथी रायगढ़ वन मंडल क्षेत्र में मौजूद हैं। हाथियों की सक्रियता को देखते हुए वन विभाग सतर्क है और संभावित प्रभावित गांवों में जाकर ग्रामीणों को आवश्यक जानकारी व सावधानियां भी बताई जा रही हैं।
वन अधिकारियों का कहना है कि हाथियों के प्राकृतिक व्यवहार को समझना और उनके आवागमन पर नजर रखना मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए आवश्यक है। फिलहाल संबंधित क्षेत्र में स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियातन निगरानी जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित