धार , जुलाई 10 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में पुलिस ने अलीराजपुर रोड स्थित क्लब सेवन परिसर में छापेमारी कर दो लाख रुपये से अधिक मूल्य की अवैध देशी एवं विदेशी शराब जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय से दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्लब सेवन परिसर में छापा मारा। तलाशी के दौरान परिसर और उससे जुड़े गोदाम से विभिन्न ब्रांडों की देशी, विदेशी शराब तथा बीयर की बड़ी खेप बरामद हुई।
मौके पर मौजूद आरोपी सुमित प्रजापत, निवासी कुक्षी, शराब के भंडारण एवं परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने उसके कब्जे से 265.70 बल्क लीटर अवैध शराब एवं बीयर जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत दो लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार रिमांड के दौरान आरोपी से अवैध शराब के मुख्य सप्लायर तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित