भिण्ड , सितंबर 17 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड के शासकीय एमजेएस स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्रों ने छात्र नेता विपिन यादव के खिलाफ दर्ज आपराधिक प्रकरण के विरोध में बुधवार को सिटी कोतवाली थाने पर प्रदर्शन किया। छात्र कॉलेज से पैदल मार्च करते हुए थाने पहुंचे और मामले की जांच की मांग की। करीब एक घंटे तक थाने में रहने के बाद पुलिस अधिकारियों ने छात्रों की बात सुनी और जांच का आश्वासन दिया।
छात्रों ने पुलिस अधीक्षक के नाम दिए ज्ञापन में बताया कि कॉलेज के सहायक प्राध्यापक सुनील त्रिपाठी की शिकायत पर विपिन यादव के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है। छात्रों के मुताबिक छात्र नेता ने इससे पहले पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर अपना पक्ष रखा था तथा अपने आरोपों और बचाव के समर्थन में साक्ष्य भी प्रस्तुत किए थे।
छात्रों का आरोप है कि इन आवेदनों और प्रस्तुत साक्ष्यों पर प्रभावी कार्रवाई किए बिना ही छात्र नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि एक पक्ष की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की गई, जबकि छात्र नेता की ओर से पहले दिए गए आवेदनों की निष्पक्ष जांच नहीं की गई।
ज्ञापन में छात्रों ने एफआईआर दर्ज होने की परिस्थितियों की वरिष्ठ स्तर से जांच कराने, छात्र नेता की ओर से पहले प्रस्तुत किए गए साक्ष्यों को भी जांच में शामिल करने और उसे अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर देने की मांग की।
छात्रों ने कहा कि आपराधिक प्रकरण का असर छात्र नेता के शैक्षणिक भविष्य और सामाजिक प्रतिष्ठा पर पड़ सकता है, इसलिए मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच जरूरी है। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित