फतेहपुर , अगस्त 29 -- उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में इंटरमीडिएट के छात्र तेजस उर्फ यशु की स्कूल प्रबंधन की पिटाई के बाद हुई मौत के मामले में रक्षाबंधन के दिन भी परिजनों द्वारा सदर कोतवाली में धरना देने के बाद आखिरकार पुलिस ने देर रात स्कूल प्रबंधक और प्रधानाचार्य के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित सरस्वती बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, शिवपुरम में कक्षा 12 के छात्र तेजस की नल की चिट रखने के आरोप में स्कूल परिसर में पिटाई की गई थी। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ने पर उसे पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
छात्र की मौत के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद तेजस की मां और अन्य परिजन स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मुखर हो गए। परिजनों ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के अधिकारियों से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी।
परिजनों का आरोप था कि पुलिस मुकदमा दर्ज करने में टालमटोल कर रही थी। इससे नाराज परिजन रक्षाबंधन के दिन सदर कोतवाली पहुंचकर धरने पर बैठ गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया जाता, वे कोतवाली से नहीं हटेंगे।
देर रात पुलिस ने तेजस की मां नीलम द्विवेदी की तहरीर पर स्कूल प्रबंधक राकेश द्विवेदी और प्रधानाचार्य सक्षम त्रिवेदी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि तेजस की मौत के मामले में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित