भदोही , जुलाई 28 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में छात्र आंदोलन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री डॉ. ए.के. शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक के बाद समाजवादी पार्टी के भदोही विधायक जाहिद बेग ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर अपने साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए खारिज कर दिया।

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में विधायक जाहिद बेग ने कहा कि उन्होंने प्रभारी मंत्री के समक्ष ज्ञानपुर छात्र आंदोलन का मुद्दा उठाया था। उनका आरोप है कि इसी दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने छात्र आंदोलन की निष्पक्ष जांच सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कराने तथा केवल दोषी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग करते हुए निर्दोष छात्रों को परेशान नहीं किए जाने की बात कही।

विधायक ने कहा कि वह अन्याय के खिलाफ अपनी आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा, "चाहे मेरा घर गिरा दिया जाए या मुझे दोबारा जेल भेज दिया जाए, मैं पीछे हटने वाला नहीं हूं। विधायक और सांसद की मौजूदगी में मेरे साथ किया गया व्यवहार निंदनीय है।"उधर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने विधायक के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि समीक्षा बैठक शुरू होने से पहले प्रभारी मंत्री डॉ. ए.के. शर्मा विकास कार्यों को लेकर भाजपा विधायकों और पदाधिकारियों के साथ चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान विधायक जाहिद बेग बैठक कक्ष में आए, कुछ देर बैठे और फिर बाहर चले गए। उनके बाहर जाने के बाद बाहर से कुछ शोर-शराबे की आवाजें सुनाई दीं।

उन्होंने कहा कि विधायक पहले भी विकास संबंधी बैठकों में कुछ समय रुककर प्रभारी मंत्री को अपना पत्र सौंपकर चले जाते रहे हैं। बैठक के दौरान उनके साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार नहीं हुआ और उनके लगाए गए सभी आरोप तथ्यहीन हैं।

उल्लेखनीय है कि प्रभारी मंत्री डॉ. ए.के. शर्मा मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास परियोजनाओं, कांवड़ यात्रा की तैयारियों तथा विद्युत व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। वहीं ज्ञानपुर छात्र आंदोलन और भाजपा नेता विनय कुमार पांडेय 'गोरेलाल' पर कथित हमले के बाद यह मामला लगातार राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। सपा विधायक और भाजपा नेताओं के आमने-सामने आने से जनपद में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज हो गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित