बारां , जुलाई 26 -- राजस्थान के बारां में शनिवार देर शाम कांग्रेसजनों ने जिला कांग्रेस कार्यालय से शहर के प्रमुख बाजारोें से होते हुए प्रताप चौक तक विजय मार्च निकाला।

मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ता, छात्र-युवा एवं कांग्रेसजन शामिल हुए।विजय मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छात्रों और युवाओं के समर्थन में और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग को लेकर नारे लगाए।

अन्ता विधायक एवं पूर्व केबिनेट मंत्री प्रमोद जैन भाया के नेतृत्व में निकले विजयी जुलूस प्रताप चौराह पर सभा में परिवर्तित हो गया जहां विधायक भाया ने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने लगातार छात्रों, युवाओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया। उनके सतत संघर्ष और कांग्रेस के जन आंदोलन के कारण सरकार पर जवाबदेही तय करने का दबाव बना। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के हितों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष हंसराज मीणा ने कहा कि यह विजय मार्च देश के करोड़ों छात्रों और युवाओं की आवाज की जीत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सदैव शिक्षा, युवाओं के भविष्य और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष किया है।

जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया ने कहा कि देश का युवा बदलाव चाहता है और कांग्रेस उसकी आवाज बनकर लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस का आंदोलन भविष्य में भी पूरी मजबूती से जारी रहेगा। पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल ने कहा कि शिक्षा किसी भी राष्ट्र के भविष्य की आधारशिला होती है। जब शिक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगता है तो देश का भविष्य प्रभावित होता है। कांग्रेस छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव उनके साथ खड़ी रही है और आगे भी रहेगी।

जिला संगठन महामंत्री कैलाश जैन ने बताया कि विजय मार्च जिला कांग्रेस कार्यालय से आरंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ प्रताप चौक पहुंचा, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित