ग्वालियर , जुलाई 22 -- कांग्रेस की वरिष्ठ नेता संगीता बेनीवाल ने नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में चलाए जा रहे युवक कांग्रेस के "छात्रों की गूंज" अभियान के तहत ग्वालियर पहुंचकर छात्रों से संवाद किया। उन्होंने दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कहा कि सरकार को छात्रों की बात सुननी चाहिए।

पत्रकारों से चर्चा में श्रीमती बेनीवाल ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अनेक छात्रों ने अपने भविष्य को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार पेपर लीक, परीक्षाओं के रद्द होने और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कथित विफलताओं से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है।

उन्होंने केंद्र सरकार को छात्र एवं युवा विरोधी बताते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के साथ खड़ी है और उनकी आवाज को सड़क से लेकर संसद तक उठाएगी।

युवक कांग्रेस नेताओं ने बताया कि "छात्रों की गूंज" अभियान के तहत देश के 28 शहरों में छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याओं और मांगों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा। इस अवसर पर युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मितेन्द्र दर्शन सिंह, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह यादव, युवक कांग्रेस शहर अध्यक्ष विजय यादव, ग्रामीण अध्यक्ष पुष्पेन्द्र सिंह सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित