लखनऊ , जुलाई 30 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने छात्रों के प्रदर्शन को लेकर विपक्ष के आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि छात्रों पर गोली चलाने की बात पूरी तरह अफवाह है और विपक्ष को इस तरह की भ्रामक बातें फैलाने से बचना चाहिए।

पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि धरना, प्रदर्शन और आंदोलनों को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक निर्णय स्थानीय प्रशासन द्वारा लिए जाते हैं। दिल्ली में जंतर मंतर पर प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर गोली चलाने का आरोप निराधार है और विपक्ष केवल राजनीतिक लाभ के लिए भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि अयोध्या में निहत्थे कारसेवकों पर गोली चलवाने का आदेश तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने दिया था। श्री मुलायम सिंह यादव ने सार्वजनिक मंचों से कई बार इस घटना का उल्लेख अपनी उपलब्धि के रूप में किया था।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली में हुए प्रदर्शन को लेकर छात्रों पर गोली चलाने की अफवाह फैलाना विपक्ष की राजनीति का हिस्सा है। उन्होंने विपक्षी दलों से अपील की कि वे इस प्रकार की भ्रामक और तथ्यहीन बातें फैलाकर समाज में भ्रम की स्थिति उत्पन्न न करें।

श्री त्रिपाठी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध और प्रदर्शन का अधिकार सभी को है, लेकिन झूठे आरोपों और अफवाहों के जरिए राजनीतिक माहौल खराब करने का प्रयास उचित नहीं है। भाजपा ने विपक्ष से जिम्मेदार आचरण अपनाने की भी अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित