पटना , सितंबर 17 -- बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय, पटना और भारत केयर्स (एसएमईसी ट्रस्ट), आईबीएम स्किल्स बिल्ड-कंट्री पार्टनर के बीच शिक्षकों एवं छात्रों के कौशल विकास और उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

एमओयू पर सीएसआर बॉक्स के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा भारत केयर्स-आईबीएम स्किल्स बिल्ड-कंट्री पार्टनर के प्रबंध निदेशक भोमिक शाह और बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. प्रदीप कुमार ने बुधवार को विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित समारोह में हस्ताक्षर किए।

इस अवसर पर विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव हिमांशु शर्मा, कुलपति प्रो. सुरेश कांत वर्मा और प्रशिक्षण एवं नियोजन पदाधिकारी नीरज कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।

समझौते के तहत आईबीएम एवं उद्योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में छात्रों और शिक्षकों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए नवाचार एवं परियोजना आधारित सत्र, हैकाथॉन और विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रम निःशुल्क आयोजित किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित