दरभंगा , सितंबर 29 -- पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ के पूर्व कुलपति एवं बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के पूर्व विभागाध्यक्ष एवं संकायाध्यक्ष प्रो. राजकुमार ने कहा कि छात्रों के लिए स्वयं का स्वॉट विश्लेषण करना जरूरी है। प्रो. राजकुमार ने मंगलवार को ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के वाणिज्य एवं प्रशासन विभाग में आयोजित विशिष्ट व्याख्यान में छात्रों को संबोधित करते हुए कहा किअपनी खूबियों और कमजोरियों की पहचान कर कमजोरियों को खूबियों में बदलने का प्रयास करें तथा उपलब्ध अवसरों को पहचानकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें, तो सफलता प्राप्त की जा सकती है।
प्रो. राजकुमार ने कहा कि बिहार असीम संभावनाओं वाला प्रदेश है। यहां उपलब्ध प्राकृतिक एवं मानवीय संसाधनों का समुचित उपयोग किया जाए तो प्रदेश का आर्थिक एवं सामाजिक परिदृश्य बदल सकता है। इससे बिहार के विकास के साथ वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति में भी योगदान मिलेगा।
उन्होंने छात्रों से अंतरविषयक समूह बनाने तथा आवश्यक कौशल अर्जित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी क्षमता को पहचानकर उसका बेहतर उपयोग करना चाहिए।
व्याख्यान के प्रारंभ में मुख्य वक्ता प्रो. राजकुमार का मिथिला की परंपरा के अनुरूप पाग एवं चादर प्रदान कर स्वागत किया गया। विभागाध्यक्ष सह एमबीए निदेशक डॉ. राजकुमार साह ने स्वागत भाषण दिया।
व्याख्यान के अंतिम चरण में प्रो. राजकुमार ने छात्रों के प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का उत्तर देते हुए उनकी समस्याओं का समाधान किया। कार्यक्रम में 150 से अधिक छात्र-छात्राओं के अलावा विभाग के शिक्षक एवं शोधार्थी उपस्थित थे।
मंच संचालन पायल कुमारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रकाश कुमार ठाकुर ने किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित